बंद पड़े सिनेमा हॉल परिसर में मिला युवक का शव
हमीरपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर सदर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को बंद पड़े सिनेमा हॉल परिसर में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची कोतवाली नगर पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मौत की वजह पता करने में जुटी है।
हमीरपुर बस स्टैंड के पास एसबीआई बैंक रोड पर देशी शराब के ठेके के बगल में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान बाबू पुत्र ख्वाजा बख्श (30), निवासी गोरा देवी, कोतवाली नगर, हमीरपुर के रूप में की। मृतक के भाई भी मौके पर मौजूद थे। परिजनों ने पुलिस को बताया कि बाबू अत्यधिक शराब का सेवन करता था। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। सीओ सदर यशपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

