कंबल में बंधी मिली 75 वर्षीय बुजुर्ग की लाश: हत्या कर शव फेंकने की आशंका
जयपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह कंबल में बंधी 75 वर्षीय बुजुर्ग की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में बुजुर्ग की हत्या कर शव ठिकाने लगाने के लिए फेंकने की बात सामने आई है। मृतक का शव नग्न हालत में कंबल में बंधा हुआ मिला। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
एसीपी चाकसू भवानी सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान जगदीश (75) निवासी टोडारायसिंह के रूप में हुई है। वह सांगानेर सदर क्षेत्र के गोविन्दपुरा में पत्नी और बेटे के साथ रहता था। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस को कंबल में बंधी लाश मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर एफएसएल टीम को बुलाया। जांच में सामने आया कि शव को कंबल में बांधकर यहां फेंका गया था। शव से दुर्गंध आने के कारण पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर करीब दो दिन पहले हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। हत्या के कारण और शव यहां लाकर फेंकने वालों का पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

