सात वर्षीय बच्ची का शव निर्माणाधीन मॉल के पास मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
गाजियाबाद, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन में निर्माणाधीन एक मॉल के नजदीक सात वर्षीय बच्ची का शव लहूलुहान हालत में शनिवार को मिला है। बच्ची के सिर और मुंह पर पत्थर से वार करके हत्या की गई है। मृतक बच्ची की पहचान करते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस उपायुक्त धवल जायसवाल ने बताया कि मृतक बच्ची निर्माणाधीन मॉल में काम करने वाले एक मजदूर परिवार की है। परिजनों के मुताबिक, वह बीती रात अपनी झुग्गी में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे बच्ची अपने बिछौने पर नहीं मिली। आशंका जताई जा रही है कि बच्ची का अपहरण कर सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म की वारदात को अंजाम देने के बाद उसकी सिर पर वार कर हत्या कर दी गई है।
डीसीपी ने बताया कि बच्ची का शव बरामद हुआ है। शव मेडिकल परीक्षण को भेज दिया गया है। सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

