अनूपपुर: नवविवाहिता का फंदे पर लटका मिला शव, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
अनूपपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह 19 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया। गोविंदा कॉलरी की आमाडांड कॉलोनी स्थित डबल स्टोरी क्वार्टर में नेहा चौहान का शव फंदे पर लटका मिला।
नेहा के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस प्राथमिक दृष्टि में फांसी लगाकर खुदकुशी का मामला मान रही है, लेकिन उनका कहना है कि परिजनों के बयानों और पोस्टमार्डम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामला कोतमा थाना क्षेत्र की आमाडांड कॉलोनी का है, जहां 19 वर्षीय नेहा चौहान अपने पति पवन चौहान और उसके परिजनों के साथ रह रही थी। तीन माह पूर्व ही नेहा ने लव मैरिज की थी।
परिजनों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से पति-पत्नी के बीच विवाद और अनबन चल रही थी। मामला थाने तक भी पहुंचा था। जिसमें पुलिस ने परिजनों के बीच समझौता कराकर वापस लौटा दिया था। घटना से पूर्व हरतालिका तीज पर नेहा अपने मायका गई थी, जहां दूसरे दिन पवन उसे वापस ले आया, हालांकि नेहा अपने परिजनों से अभी ससुराल नहीं जाने की बात कह रही थी, लेकिन परिजनों ने ससुराल ही उसका घर कह वापस भेजा था। नेहा के पिता को उसके ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर बताया गया कि नेहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्डम करा परिजनो को सौप कर पुनः मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
वहीं नेहा के माता-पिता और मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि नेहा को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसे धमकियां भी दी जा रही थीं। मायके पक्ष ने आशंका जताई है कि नेहा की हत्या की गई और बाद में शव को फंदे पर लटकाया गया। मायके पक्ष ने पुलिस से पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर मौत की वास्तविक वजह सामने लाने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है, मामला गंभीर है, सिर पर चोट के निशान है, परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोतमा एसडीओपी आरती शाक्य ने बताया कि पोस्टमार्डम के बाद परिजनों के बयान दर्ज करने के साथ पोस्टमार्डम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्राथमिक दृष्टया में फांसी लगाकर खुदकुशी का मामला मान रही है। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही साफ होगा कि नेहा की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है। बताया जाता है कि दोनों पक्ष के माता पिता कोतमा नगरपालिका में सफाई कर्मचारी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

