home page

तीन दिन से लापता योगेश्वर राय का तालाब में मिला शव, कैथवार में पसरा मातम

 | 
तीन दिन से लापता योगेश्वर राय का तालाब में मिला शव, कैथवार में पसरा मातम


वरभंगा, 15 नवंबर (हि.स.)।

जिले के तारडीह प्रखंड के कैथवार गांव में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मध्य विद्यालय कैथवार के समीप स्थित तालाब में तीन दिनों से लापता योगेश्वर राय (पिता भूखन राय) का शव मिला। सुबह करीब 6 से 7 बजे के बीच ग्रामीणों ने तालाब में शव तैरते देखा। इसके बाद उनकी पहचान योगेश्वर राय के रूप में हुई।

बताया जाता है कि योगेश्वर राय पिछले तीन दिनों से लापता थे। ग्रामीण और परिजन उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था। रविवार सुबह तालाब में शव मिलने की सूचना पर सकतपुर थानाध्यक्ष अरविंदर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तीन दिनों तक पानी में रहने के कारण शव फूल गया था, हालांकि कपड़ों और गले में पड़ी मोती एवं रुद्राक्ष की माला से उनकी पहचान स्पष्ट हो गई। उन्होंने फुल बांह की शर्ट, हाफ पैंट और नारंगी रंग की गंजी पहन रखी थी।

घटना की सूचना पर अंचलाधिकारी आलोक कुमार के प्रतिनिधि के रूप में पंचायत सेवक ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्रशासनिक स्तर पर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार योगेश्वर राय बेहद जिंदादिल और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। गांव में धार्मिक आयोजनों और कीर्तन के दौरान उनका नृत्य लोगों के आकर्षण का केंद्र रहता था। भक्ति संगीत की धुन पर उनके नृत्य को देखकर ग्रामीण प्रसन्न होते थे। ऐसे व्यक्ति के असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

चर्चा है कि वे काली पूजा के दौरान कीर्तन में शामिल होने के बाद लौट रहे थे। इसी क्रम में संभवतः तालाब के पास शौच अथवा हाथ-पैर धोने गए होंगे और फिसलकर पानी में डूब गए होंगे। हालांकि, यह केवल ग्रामीणों के बीच की चर्चा है। उनके तालाब तक पहुंचने और डूबने की वास्तविक परिस्थितियों की अब तक कोई प्रत्यक्ष जानकारी सामने नहीं आई है। तीन दिनों तक लापता रहने के बाद तालाब में उनका शव मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है।

इस बीच बीस सूत्रीय अध्यक्ष माधव झा आजाद ने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra