home page

किराए के मकान से गृहवधू का सड़ा-गला शव बरामद, पति गिरफ्तार

 | 

सिलीगुड़ी, 26 सितंबर (हि.स.)। किराए के मकान से एक गृहवधू का सड़ा-गला शव बरामद होने के मामले में नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान गंगारामपुर निवासी बिप्लव चौधरी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, नेपाल में काम के दौरान बिप्लव की मुलाकात नेपाल के धुलाबाड़ी की रहने वाली हेमा मंडल से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बना और करीब दो वर्ष पहले उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद से दोनों नक्सलबाड़ी के रथखोला मोड़ इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे।बताया गया है कि बिप्लव काम के सिलसिले में करीब एक सप्ताह से घर से बाहर था। घर लौटने पर शुक्रवार शाम उसने पत्नी का सड़ा-गला शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर नक्सलबाड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की सूचना मिलने पर हेमा के परिजन नेपाल से नक्सलबाड़ी पहुंचे। मृतका के पिता ने बेटी की मौत में दामाद के शामिल होने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार रात थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पहले बिप्लव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। लंबी पूछताछ के बाद उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपित को शनिवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार