आगरमालवा : वेयरहाउस में गेहूं के बोरों के नीचे मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
आगरमालवा, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के आगरमालवा जिला मुख्यालय के बड़ौद रोड स्थित एक वेयरहाउस में शुक्रवार को गेहूं के बोरों के नीचे दबा एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। शव काफी पुराना होने के कारण उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार वेयरहाउस में रखा गेहूं लगभग एक वर्ष पूर्व खरीदा गया था। परिवहन नहीं होने के कारण गेहूं के बोरे लंबे समय से वहीं रखे हुए थे। शुक्रवार सुबह जब वेयरहाउस का शटर खोला गया तो कुछ बोरे अस्त-व्यस्त दिखाई दिए। इसके बाद मजदूरों को बोरों को व्यवस्थित करने का काम सौंपा गया।
मजदूर करीब 300 से अधिक बोरे हटा चुके थे, तभी उन्हें नीचे दबा हुआ एक युवक का शव दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के बोरे हटवाए और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
प्राथमिक जांच में शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत काफी समय पहले हुई होगी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस जिले और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों के दौरान दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी भी खंगाल रही है, ताकि मृतक की पहचान और मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

