home page

यमुनानगर में रेलवे लाइन किनारे मिला युवक का शव, मुंह में कपड़ा ठूंसकर हत्या की आशंका

 | 

यमुनानगर, 01 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर में रविवार को रेलवे लाइन के पास एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की स्थिति को देखते हुए प्रारंभिक जांच में मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य एकत्र किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था, जिसे बाहर से चिपकाने वाले पदार्थ से बंद किया गया था। इससे आशंका जताई जा रही है कि उसे आवाज उठाने या मदद मांगने से रोकने का प्रयास किया गया। युवक के गले पर गहरे निशान भी मिले हैं, जो गला दबाकर हत्या किए जाने की संभावना को मजबूत करते हैं।

घटनास्थल से एक महिला का दुपट्टा और कुछ दूरी पर युवक का एक जूता बरामद हुआ है। जांच एजेंसियां इन्हें महत्वपूर्ण सुराग मानकर वैज्ञानिक परीक्षण के लिए भेजने की तैयारी कर रही हैं। प्रारंभिक तौर पर संघर्ष होने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है।

पुलिस को युवक की बाजू पर “राजीव” और छाती पर एक लड़की का नाम लिखा मिला है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये नाम उसकी पहचान से जुड़े हैं या किसी अन्य व्यक्ति से संबंधित हैं। युवक के पास कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिलने के कारण उसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल यमुनानगर की मोर्चरी में रखवाया गया है। आसपास के थानों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं और पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस इसे प्रेम प्रसंग, आपसी रंजिश सहित विभिन्न संभावित एंगल से जांच कर रही है। रेलवे ट्रैक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवक की अंतिम गतिविधियों का पता लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार