यमुना में जाल में फंसा युवक का शव, पहचान में जुटी पुलिस
बागपत, 19 जून (हि.स.)। बागपत जिले के ग्राम सिसाना खादर क्षेत्र स्थित यमुना नदी में शुक्रवार दोपहर एक शव मिला है। मछली पकड़ रहे गोताखोरों के जाल में अज्ञात युवक का शव फंस गया। घटना करीब एक बजे की बताई जा रही है। पुलिस शव की पहचान में जुटी है।
बागपत शहर निवासी गोताखोर इरफान ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ नदी में जाल डालकर मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान जाल अचानक भारी हो गया। जब जाल को बाहर निकाला गया तो उसमें एक युवक का शव फंसा मिला। शव दिखाई देने पर मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
कोतवाली बागपत के उप निरीक्षक शिव कुमार ने बताया कि मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। आसपास के थानों में सूचना भेजकर पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। कोतवाली प्रभारी बिरजेश कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

