तालाब उतराता हुआ मिला युवक का शव, हत्या का आरोप लगाया
सुलतानपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के विनोबापुरी स्थित जल निगम परिसर में एक युवक का शव तालाब में मिला है। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे मे लेकर जाँच शुरू कर दी है।
गोसाईंगंज थाना क्षेत्र के सरैया (फरीदपुर) निवासी युवक की पहचान साकिब (25) के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है, उनका कहना है कि साकिब के गले पर चोट के निशान मिले हैं।
वह बचपन से ही कोतवाली नगर थाना क्षेत्र के लोलेपुर चौहानी स्थित अपने मामा इलियास के यहां रह रहा था।
सूचना मिलने पर कोतवाली नगर के कोतवाल सुरेश नारायण मिश्र तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम ने शव को तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों का आरोप है कि साकिब की हत्या की गई है। साकिब के गले पर चोट के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं, जो डूबने से हुई मौत की बात पर संदेह पैदा करते हैं।
इस संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह ने सोमवार को बताया कि लोलेपुर चौहानी स्थित तीन तालाब पर एक शव उतराने की सूचना मिली थी। पुलिस और फील्ड यूनिट ने मोहम्मद साकिब का शव बरामद किया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। फील्ड यूनिट द्वारा भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

