गंदे नाले में मिला अज्ञात युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
हाथरस, 07 अप्रैल (हि.स.)। सादाबाद काेतवाली में जलेसर क्षेत्र स्थित एक गंदा नाला में मंगलवार सुबह 40 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिला। सूचना पर स्थानीय पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर पहचान का प्रयास कराया, लेकिन काेई सफलता नहीं मिली।
सीओ अमित पाठक ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली एक युवक का शव नाले में पड़ा हुआ है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल पर ही एक क्षतिग्रस्त मोबाइल मिला। मृत युवक के सिर और पैरों पर चोट के निशान थे, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। युवक के हाथ में घड़ी बंधी थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह आसपास के किसी क्षेत्र का निवासी हो सकता है।
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन इसमें सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। इसके साथ ही बरामद क्षतिग्रस्त मोबाइल फोन के आधार पर युवक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

