संदिग्ध अवस्था में फांसी पर लटका मिला महिला का शव
- मायके वालों ने लगाया हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप
हमीरपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में राठ कोतवाली क्षेत्र के धमना गांव में बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों के चलते एक विवाहित महिला ने अपने घर में रस्सी के फंदे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। वहीं, महिला के मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के धमना गांव की निवासी माया (23) पत्नी रमाशंकर ने बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों के चलते अपने घर में रस्सी के फंदे पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। जब परिजनों ने माया के शव को फांसी के फंदे पर लटकता हुआ देखा तो उनके होश उड़ गए। मायके वालों ने बताया कि माया की शादी 2024 को रामशंकर के साथ हुई थी। आरोप लगाया कि ससुराल वाले आए दिन महिला माया को प्रताड़ित करते थे। आरोप लगाते हुए कहा कि ससुरालीजनों ने महिला माया की हत्या कर उसके शव को फांसी के फंदे पर लटका दिया है। कोतवाल अनूप कुमार ने बुधवार को बताया शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जांच कर कार्रवाई की जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

