घर के बरामदे में फंदे से लटका मिला युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी
बहराइच, 16 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सेमरौना में एक युवक का शव उसके ही घर के बरामदे में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला।
सेमरौना गांव निवासी उस्मान अली पुत्र रहमान अली का शव शनिवार सुबह घर के बरामदे में गमछे के सहारे लटका हुआ देखा गया। सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी तो हड़कंप मच गया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संदीप कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य संकलन कर घटना की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष संदीप दुबे ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ANURAG GUPTA

