home page

ससुराल से 200 मीटर दूर मिला 25 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी

 | 
ससुराल से 200 मीटर दूर मिला 25 वर्षीय युवक का शव, हत्या की आशंका से सनसनी


किशनगंज, 14 नवंबर (हि.स.)। बहादुरगंज थाना क्षेत्र की समेश्वर पंचायत अंतर्गत चारघरिया वार्ड संख्या-15 में शनिवार को 25 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

युवक का शव उसके ससुराल से करीब 200 मीटर की दूरी पर बरामद किया गया। मृतक की पहचान गोपालपुर निवासी सिनोद कुमार हरिजन, पिता हरिलाल हरिजन के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सिनोद कुमार की शादी करीब दो वर्ष पूर्व ममता देवी से हुई थी। उसके ससुर का नाम सुरेंद्र प्रसाद हरिजन बताया गया है। परिजनों के मुताबिक, युवक पिछले करीब एक महीने से अपने ससुराल में ही रह रहा था। शनिवार को उसका शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।

घटना के बाद मृतक के पिता हरिलाल हरिजन ने ससुराल पक्ष पर अपने बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। हालांकि, आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। शव मिलने की सूचना पर बहादुरगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस हत्या के आरोप सहित अन्य संभावित बिंदुओं पर छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / धर्मेन्द्र सिंह