home page

तीन दिन से लापता मजदूर का शव गड्ढे में मिला, पत्तों से ढंका था शव; इलाके में फैली सनसनी

 | 
तीन दिन से लापता मजदूर का शव गड्ढे में मिला, पत्तों से ढंका था शव; इलाके में फैली सनसनी


तीन दिन से लापता मजदूर का शव गड्ढे में मिला, पत्तों से ढंका था शव; इलाके में फैली सनसनी


सुपौल, 04 जून (हि.स.)। सदर थाना क्षेत्र के वीणा वार्ड संख्या-03 में तीन दिनों से लापता एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।

शव गांव के ब्रह्मस्थान के पीछे स्थित बांसबाड़ी के समीप एक गड्ढे में पड़ा मिला, जिसे पत्तों से ढंकने का प्रयास किया गया था।

शव से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी और मामले की सूचना पुलिस को दी गई। मृतक की पहचान वीणा वार्ड-03 निवासी 45 वर्षीय हरचंद सादा उर्फ खरचन सादा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि हरचंद सादा मंगलवार से लापता थे।

परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर सदर थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। गुरुवार को ग्रामीणों ने खेत की मेड़ के पास स्थित एक गड्ढे से तेज दुर्गंध महसूस की। नजदीक जाकर देखने पर वहां पत्तों से ढंका एक शव मिला। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और पूरे इलाके में घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

जांच के लिए फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजीव रंजन, सदर थानाध्यक्ष रामसेवक रावत समेत कई पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।

इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।परिजनों के अनुसार हरचंद सादा गांव में ही एक व्यक्ति के गौशाला फार्म पर मजदूरी करते थे। वह प्रतिदिन केवल भोजन करने घर आते थे और रात में भी अधिकतर गौशाला पर ही रहते थे।

मंगलवार के बाद से उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों ने गौशाला पर भी जाकर जानकारी ली थी, लेकिन वहां भी उनका कोई पता नहीं चला था। शव मिलने की खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। वहीं शव जिस स्थिति में बरामद हुआ है, उसे देखते हुए मामले को गंभीरता से लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र