भाजपा बूथ अध्यक्ष के बेटे का घर के सामने मिला शव
मालदा, 12 अक्टूबर (हि. स.)। जिले के गाजोल ब्लॉक के बाबूपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत सिंघइल इलाके में सोमवार को भाजपा बूथ अध्यक्ष के बेटे का शव घर के सामने मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बिप्लब मुर्मू (22) के रूप में हुई है। परिजनों ने सुनियोजित तरीके से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह एक महिला ने बिप्लब को घर के सामने पड़ा देखा। सूचना पाकर परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद गाजोल थाने की पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव बरामद किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
मालदा जिला पुलिस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुणाल बरनाबास ने भी घटनास्थल का दौरा किया। मृतक के पिता माझी मुर्मू इलाके में भाजपा के बूथ अध्यक्ष है। उन्होंने बेटे की मौत के पीछे राजनीतिक दुश्मनी या प्रेम प्रसंग की आशंका जताई है, हालांकि किसी भी कारण की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल, सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

