अशोकनगर: कार में युवक-युवती के खून से सने शव मिलने से सनसनी, पिस्टल बरामद
अशोकनगर, 25 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के ईसागढ़ रोड स्थित महाना गांव के पास गुरुवार तड़के एक कार के अंदर युवक और युवती के खून से लथपथ शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। कार से एक पिस्टल भी बरामद हुई है, जिससे मामला और अधिक रहस्यमय हो गया है।
जानकारी अनुसार मृतकों की पहचान अशोकनगर निवासी रितिक सोनी (26) और मुस्कान जैन (24) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों बुधवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का पता नहीं चलने पर परिजनों ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन ईसागढ़ रोड क्षेत्र में मिलने पर पुलिस रात करीब 3 बजे मौके पर पहुंची। जहां सड़क किनारे खड़ी कार की जांच करने पर आगे की सीट पर युवक और युवती के शव पड़े मिले। दोनों के शरीर खून से सने हुए थे। घटनास्थल का दृश्य देखकर पुलिस भी हैरान रह गई।
युवक को गोली लगी, युवती के शरीर पर गंभीर चोटें
प्रारंभिक जांच में युवक के सिर में गोली लगने के निशान मिले हैं, जबकि युवती के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। कार के अंदर से पिस्टल बरामद होने के बाद पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को जिला अस्पताल भेज दिया गया है, जहां पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। देहात थाना प्रभारी भुवनेश शर्मा ने बताया कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस सभी संभावित एंगल पर काम कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

