home page

उज्जैन में खेत में मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव, सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

 | 
उज्जैन में खेत में मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव, सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका


उज्जैन में खेत में मिले प्रेमी-प्रेमिका के शव, सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका


उज्जैन, 18 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के राघवी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ब्राह्मणखेड़ा में गुरुवार सुबह खेत में एक महिला और पुरुष के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

खेत के किनारे करीब 100 मीटर की दूरी पर पड़े दोनों शवों को देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही राघवी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में होना सामने आया है, जबकि शवों पर मिले चोट के निशानों के आधार पर पुलिस हत्या की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान बैलाखेड़ा निवासी 35 वर्षीय कालूराम वर्मा और 36 वर्षीय मंजू शर्मा के रूप में हुई है। दोनों उज्जैन जिले के ही रहने वाले थे। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी कर अपने कब्जे में लिया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।

सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक दोनों शवों के सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। प्रारंभिक तौर पर यह मामला सामान्य मौत का नहीं लग रहा है। इसी कारण पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित कोणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी जेडेन लिंगजेरपा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से खून के नमूने, मिट्टी और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।

प्रेम संबंधों की चर्चा, कई पहलुओं पर जांच

बताया जा रहा है कि कालूराम वर्मा और मंजू शर्मा के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध होने की चर्चा गांव में थी। बताया जा रहा है कि कालूराम अविवाहित था, जबकि मंजू विवाहित थी। दोनों के संबंधों को लेकर गांव में पहले भी चर्चाएं होती रही थीं। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में लेकर आगे बढ़ रही है। अधिकारियों का मानना है कि दोनों के सामाजिक और पारिवारिक संबंधों की पड़ताल से मामले की गुत्थी सुलझाने में मदद मिल सकती है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों घटनास्थल तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ

राघवी थाना पुलिस मृतकों के परिजनों, रिश्तेदारों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और हाल की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले दोनों किसके संपर्क में थे और आखिरी बार उन्हें किसने देखा था। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे