विदिशा में एक ही फंदे पर लटके मिले दो दोस्तों के शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
विदिशा, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के आदमपुर गांव में रविवार सुबह एक खेत में लगे पेड़ से दो युवकों के शव एक ही फंदे पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों मृतकों आपस में पक्के दोस्त और पड़ोसी थे। घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने शवों पर चोट के निशान होने का दावा करते हुए हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, विदिशा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत आदमपुर गांव में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव से करीब 200 मीटर दूर स्थित एक खेत में पेड़ से दो युवकों के शव एक ही फंदे पर लटके पाए गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। ग्रामीणों के अनुसार, जिस जगह दोनों युवकों के शव लटके मिले, वहां उनके पैर जमीन को छू रहे थे और शरीर पर चोट के निशान भी नजर आ रहे थे। इसी आधार पर परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है। हालांकि, थाना प्रभारी राजपाल सिंह जादौन का कहना है कि मौतों की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच के बाद ही साफ हो सकेगी।
मृतकों की पहचान आकाश पुत्र उधम सिंह मीणा (22) और बाबू पुत्र शहजाद अली (21) के रूप में हुई है। दोनों न केवल पड़ोसी थे बल्कि उनमें गहरी दोस्ती भी थी। वे साथ में खेतों में काम करने जाते थे और अपनी खेती के अलावा अन्य किसानों के खेतों पर भी मजदूरी किया करते थे। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों सीधे-सादे मिजाज के थे और गांव में किसी से उनका कोई विवाद या रंजिश नहीं थी।
आकाश दो भाइयों में बड़ा था और उसकी शादी अभी कुछ महीने पहले ही हुई थी। उसका परिवार दूसरों के खेतों में मजदूरी कर जीवन यापन करता है। वहीं, आरिफ उर्फ बाबू तीन भाइयों में सबसे छोटा था (उसकी एक बहन भी है) और उसके परिवार के पास करीब चार बीघा जमीन है। इस अचानक हुई घटना से दोनों परिवारों और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

