बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के स्टोर रूम में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पुलिस जांच में जुटी
सागर, 20 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) के वार्ड क्रमांक-14 के एक स्टोर रूम से सोमवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक-14 स्थित स्टोर रूम पिछले दो दिनों से बंद था। सोमवार को वहां से दुर्गंध आने पर अस्पताल प्रशासन को सूचना दी गई। इसके बाद स्टोर रूम खोला गया तो अंदर एक अज्ञात पुरुष का शव मिला। प्रारंभिक तौर पर शव दो से तीन दिन पुराना प्रतीत हो रहा है और उसमें सड़न की प्रक्रिया शुरू हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक दल ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव का पंचनामा तैयार कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतक की शिनाख्त के प्रयास कर रही है तथा आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। साथ ही अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक अस्पताल परिसर में कब और कैसे पहुंचा।
घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अस्पताल के एक बंद स्टोर रूम में शव मिलने की घटना के बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की मांग की जा रही है। हालांकि, इस संबंध में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

