home page

बीएमसी में भाजपा नेता पर महिला डॉक्टर और नर्स से छेड़छाड़ का आरोप, एफआईआर दर्ज

 | 
बीएमसी में भाजपा नेता पर महिला डॉक्टर और नर्स से छेड़छाड़ का आरोप, एफआईआर दर्ज


सागर, 3 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में महिला डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ से कथित छेड़छाड़ एवं अभद्रता का मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को अस्पताल में हंगामा हो गया। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनिल श्रीवास्तव (पीपरा) पर महिला डॉक्टर और नर्स के साथ अभद्र व्यवहार, 'बैड टच' करने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के आधार पर गोपालगंज थाना पुलिस ने आरोपित और अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

घटना के विरोध में डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने काम बंद कर अस्पताल के मुख्य द्वार पर चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

पीड़ित नर्सिंग स्टाफ के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब दो बजे की है। इलाज के लिए लाई गई एक महिला मरीज के साथ पहुंचे लोगों ने ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ से अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर कथित तौर पर महिला स्टाफ के साथ छेड़छाड़ की गई और अस्पताल के बाहर गोली मारने की धमकी दी गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि धमकी देने वालों में भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव भी शामिल थे।

अस्पताल कर्मचारियों का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस और कॉलेज प्रबंधन को दे दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोप है कि इससे पहले ही सुरक्षाकर्मियों ने मरीज और उसके साथ आए लोगों को अस्पताल से बाहर जाने दिया, जिससे तत्काल कार्रवाई नहीं हो सकी।

इस घटना पर जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जेडीए) ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर के डॉक्टर कार्य बहिष्कार पर जा सकते हैं। डॉक्टरों ने अस्पताल में सुरक्षा बढ़ाने, आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

वहीं, आरोपित भाजपा नेता अनिल श्रीवास्तव ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वह केवल अपने गांव की एक मरीज के इलाज के लिए अस्पताल गए थे और डॉक्टरों से समय पर उपचार शुरू करने का अनुरोध किया था। उनका कहना है कि उन्होंने किसी से अभद्रता नहीं की और वार्ड के सीसीटीवी फुटेज से सच्चाई सामने आ जाएगी।

एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि बीएमसी स्टाफ की शिकायत के आधार पर गोपालगंज थाने में आरोपित अनिल श्रीवास्तव और अन्य के खिलाफ छेड़छाड़, अभद्रता समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं में एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे