home page

दो पक्षों में खूनी संघर्ष, एक की मौत, कई घायल

 | 
दो पक्षों में खूनी संघर्ष, एक की मौत, कई घायल


बाराबंकी 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में कोठी थाना क्षेत्र के रेवतीपुरवा गांव में जमीन के विवाद को लेकर मंगलवार देर शाम दो पक्षों के बीच हुआ संघर्ष खूनी हो गया। मारपीट के दौरान गोली लगने से गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय हंसराज वर्मा उर्फ पुताई की लखनऊ ट्रामा सेंटर में देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। ग्रामीणों ने सड़क जाम करने का भी प्रयास किया।

जमीन विवाद में खूनी संघर्ष

बताया जा रहा है कि हंसराज का दूसरे पक्ष से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। विवादित जमीन को लेकर न्यायालय में मामला भी विचाराधीन बताया जा रहा है। मंगलवार को जानवरों के लिए नांद रखने को लेकर दोनों पक्षों में फिर विवाद शुरू हुआ। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया और इसी दौरान गोली चल गई। गोली लगने से हंसराज गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें आनन-फानन में सीएचसी सिद्धौर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर भेजा गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

हंसराज को लगी गोली

परिजनों का आरोप है कि हंसराज पर फायरिंग मनोज यादव ने की। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और फायरिंग समेत अन्य आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। गांव में तनाव को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

सड़क जाम करने की कोशिश

वहीं, ग्रामीणों ने आक्रोश में सड़क जाम करने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। गांव में पुलिस बल तैनात है। दोनों पक्षों का जमीन विवाद है। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी