13 धुर जमीन के लिए खूनी खेल, दो पक्षों में ताबड़तोड़ हमला, दो की मौत
सीवान, 28 मई (हि.स.)। सीवान जिले नौतन थाना क्षेत्र के बरोहा गांव स्थित बाबा मोड़ पर महज 13 धुर जमीन के विवाद में गुरुवार की शाम खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों के बीच हुए हिंसक टकराव में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस कैंप कर रही है।मृतकों की पहचान बरोहा गांव निवासी स्व. कपिल सिंह के पुत्र शंकर सिंह तथा दूसरे पक्ष के मुनिलाल सिंह के पुत्र बांका सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायलों में मैनेजर सिंह एवं उनके पुत्र हीरा सिंह शामिल हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
घटना के संबंध में एक पक्ष का आरोप है कि 15 धुर जमीन को लेकर वर्षों से विवाद चला आ रहा था। गुरुवार की संध्या खेत में मकई की बुवाई की जा रही थी। इसी दौरान पट्टीदार बांका सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और सुनियोजित तरीके से हमला बोल दिया।आरोप है कि धारदार हथियार से शंकर सिंह और मैनेजर सिंह पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया।
अचानक हुए हमले से दोनों संभल भी नहीं पाए और गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। मारपीट के दौरान दोनों पक्षों में जमकर खूनी संघर्ष हुआ।घटना में गंभीर चोट लगने के कारण शंकर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बांका सिंह को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही नौतन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

