ब्लाइंड मर्डर का पुलिस ने किया खुलासा, अभियुक्त गिरफ्तार
बांदा, 16 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में तिंदवारी थाना क्षेत्र के छापर गांव में दो दिन पहले तालाब किनारे मिले युवक के शव के मामले का बुधवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया है। थाना तिंदवारी पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने ब्लाइंड मर्डर की घटना में शामिल मुख्य आरोपित अंकित उर्फ अंकुल पुत्र रामसेवक निवासी माटा को जसईपुर मोड़ से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, मामूली विवाद के बाद आरोपित ने अपने साथी पवन उर्फ बल्ला के साथ मिलकर युवक की लाठी-डंडे और अधजली लकड़ी से पिटाई की थी। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज के अनुसार, 12 सितंबर की रात अंकित और उसका साथी पवन गांव के बाहर मुख्य मार्ग पर बनी पुलिया के पास बैठे थे। इससे पहले दोनों ने ट्यूबवेल में मुर्गा बनाकर खाना खाया था। इसी दौरान वहां से गुजर रहा युवक पुलिया के पास पेशाब करने लगा। दोनों ने उससे इतनी रात में वहां आने का कारण पूछा, जिस पर कहासुनी और अभद्रता होने लगी। विवाद बढ़ने पर दोनों युवक को मोटरसाइकिल पर बैठाकर गांव के बाहर ले गए और उसकी पिटाई कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
आरोप है कि इसके बाद अचेत हालत में युवक को मोटरसाइकिल से छापर गांव के पास तालाब किनारे फेंककर दोनों वहां से चले गए। 13 सितंबर को युवक का शव मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। शरीर पर चोट के निशान और एक जले का निशान मिलने से मामला संदिग्ध था। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से हत्या की आशंका भी जताई गई थी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से भौतिक व वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की मदद और संदिग्धों से पूछताछ के बाद पुलिस आरोपिताें तक पहुंची। गिरफ्तार अंकित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा, अधजली लकड़ी और मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने दूसरे आरोपी पवन उर्फ बल्ला की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी हैं।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

