home page

युवक की अंधी हत्या का 24 घंटे के भीतर खुलासा, एसपी करेंगे पुरुस्कृत

 | 
युवक की अंधी हत्या का 24 घंटे के भीतर खुलासा, एसपी करेंगे पुरुस्कृत


जबलपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में गोहलपुर थाना क्षेत्र में हुई युवक की अंधी हत्या का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार और एक विधि-विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त चाकू, बिना नंबर की मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा आरोपितों के कपड़े समेत अन्य साक्ष्य भी जब्त किए हैं।

गोहलपुर थाना प्रभारी रितेश पांडे ने शुक्रवार को बताया कि करमेता निवासी संजय सिंह ठाकुर ने 5 अगस्त को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके 30 वर्षीय पुत्र यशवंत उर्फ शिवा सिंह ठाकुर की किसी अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी है। इस पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ और नगर पुलिस अधीक्षक उदयभान सिंह बागरी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों को सक्रिय किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना से पहले मृतक रितिक उर्फ बड्डू सोनी और एक विधि-विरुद्ध बालक के साथ देखा गया था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने हत्या करना स्वीकार किया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि 5 अगस्त को तीनों बिना नंबर की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल से घूमने निकले थे। भर्तीपुर से स्मैक खरीदकर सेवन करने के बाद वे कृष्णा कॉलोनी के पीछे पहुंचे। वहां मृतक ने आरोपितों से नशा खरीदने के लिए कहा, लेकिन पैसे नहीं होने की बात कहने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। इससे नाराज होकर दोनों ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।

पहले विधि-विरुद्ध बालक ने मृतक को पकड़ लिया, जिसके बाद रितिक ने चाकू से कई वार किए। छीना-झपटी में चाकू गिरने पर बालक ने वही चाकू उठाकर दोबारा वार किए, जिससे यशवंत की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान 18 वर्षीय रितिक उर्फ बड्डू सोनी निवासी बजरंग नगर, करमेता के रूप में की है। दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया। हत्या के त्वरित खुलासे पर पुलिस अधीक्षक ने जांच दल को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक