अनूपपुर: अंधे कत्ल का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, भेजा जेल
अनूपपुर, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के करनपठार थाना क्षेत्र की सरई पुलिस चौकी ने जंगल में शिकार के दौरान हुई हत्या का खुलासा शनिवार को चौकी प्रभारी मंगला दुबे किया। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से जेल भेज दिया गया।
घटना 3 मार्च की रात की है। 4 मार्च को देवरी टोला के बीहर बाबा मंदिर के ऊपर जैतहरी के जंगल में एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान की और परिजनों को सूचित किया। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
चौकी प्रभारी मंगला दुबे ने बताया कि छानबीन के दौरान 40 वर्षीय दरयाब सिंह निवासी देवरी टोला, 28 वर्षीय दउआ उर्फ अजय सिंह और 30 वर्षीय ऊडानी उर्फ भान सिंह दोनों निवासी जैतहरी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तीनों आरोपियों ने हत्या करना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई भरमार बंदूक और लोहे का रॉड जब्त किया गया। मृतक की बंदूक भी बरामद कर ली गई है।
शिकार नहीं मिलने हुआ था विवाद
चौकी प्रभारी के अनुसार, मृतक झूरू उर्फ धनसिंह और तीनों आरोपी अक्सर जंगली जानवरों का शिकार करते थे। होली के पर्व पर भी वे शिकार के लिए जंगल गए थे, जहां झूरू उर्फ धनसिंह और ऊडानी उर्फ भानसिंह दोनों के पास भरमार बंदूकें थीं। शिकार न मिलने और दिनभर इंतजार के बाद शराब पीने से वे नशे की हालत में आ गए। इसी दौरान झूरू उर्फ धनसिंह का ऊडानी उर्फ भानसिंह और अन्य साथियों से गाली-गलौज को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर ऊडानी उर्फ भानसिंह ने अपने साथियों के साथ मिलकर झूरू उर्फ धनसिंह पर भरमार बंदूक तान दी और उसके सीने में गोली मार दी। हत्या के बाद सभी आरोपी शव और मृतक की बंदूक वहीं छोड़कर भाग गए। ऊडानी उर्फ भानसिंह ने खून से सने कपड़े और अपनी भरमार बंदूक जंगल में छिपा दी थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

