home page

काम दिलाने का झांसा देकर मिस्त्री से 60 हजार लूटे

 | 
काम दिलाने का झांसा देकर मिस्त्री से 60 हजार लूटे


जोधपुर, 23 सितम्बर (हि.स.)। मंडोर थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग और लूट का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला समेत चार लोगों ने प्लास्टर और मार्बल मिस्त्री को काम दिलाने के बहाने बुलाया। इसके बाद उसे नशीला पेय पिलाकर उसके कपड़े उतरवाए और अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने पीडि़त के दोस्त से 50 हजार रुपए मंगवाए। साथ ही उसकी जेब से 10 हजार रुपए और चांदी की अंगूठी भी छीन ली। पीडि़त की रिपोर्ट पर मंडोर थाना पुलिस ने एक महिला समेत चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

माता का थान क्षेत्र के गांधी नगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि उसकी पहचान मगजी की घाटी निवासी जेठी नाम की महिला से थी। वह पहले भी उसे छोटे-मोटे काम दिलाती थी। गत 20 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे जेठी ने उसे काम के सिलसिले में कृषि विश्वविद्यालय के पास बुलाया। वह बाइक से मंडोर पुलिया पहुंचा। यहां जेठी उसकी बाइक पर बैठी और उसे बड़ा बेरा स्थित एक मकान पर ले गई। वहां मुन्नाराम बावरी बाहर खड़ा था। आरोप है कि कमरे में पहुंचने के बाद जेठी ने पानी में कुछ मिलाकर पिला दिया। इसके बाद उसे चक्कर आने लगे और वह बेहोशी जैसी हालत में पहुंच गया। उसकी हालत बिगडऩे के बाद मुन्नाराम, हेमाराम और दिनेश कमरे में आ गए। आरोप है कि चारों ने मिलकर उसके कपड़े उतार दिए और जेठी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई।

आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे रुपए की मांग की। डर के कारण अपने दोस्त को फोन किया और 50 हजार रुपए देने के लिए कहा। आरोपियों में से एक बाइक लेकर यश अमन अस्पताल के पास पहुंचा, जहां उसके दोस्त ने उसे 50 हजार रुपए दिए। इसके अलावा आरोपियों ने पीडि़त की जेब में रखे 10 हजार रुपए और चांदी की अंगूठी भी छीन ली। घटना के बाद आरोपी पीडि़ को नयापुरा इलाके में छोडक़र फरार हो गए। तबीयत में सुधार होने के बाद पीडि़त मंडोर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बताई।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश