home page

अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल व दुष्कर्म करने के दो आरोपित गिरफ्तार

 | 
अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल व दुष्कर्म करने के दो आरोपित गिरफ्तार


मुंबई से ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम का देते थे झांसा

जोधपुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिला ग्रामीण पुलिस ने ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर युवतियों के अश्लील वीडियो बनाकर वसूली, ब्लैकमेल व दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों में शामिल एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपिताें को मुंबई (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक बड़े सेक्स रैकेट सिंडिकेट का खुलासा भी किया है।

जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सत्येंद्र सिंह एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन में महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपित शिवाजी नगर, मानखुर्द (मुंबई) निवासी फैजान अहमद पुत्र अजिमुल्ला अहमद निवासी तथा उसके सहयोगी बरहेट, साहेबगंज (झारखंड), हाल मुंबई निवासी आमिर हुसैन पुत्र अहमद अंसारी को गिरफ्तार किया है। ग्रामीण पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के अनुसार 31 अगस्त 2026 को एक पीडि़ता ने महिला थाना जोधपुर ग्रामीण में रिपोर्ट दर्ज करवाई। पीडि़ता ने बताया कि उसने स्नैपचैट पर वर्क फ्रॉम होम से संबंधित एक विज्ञापन देखा था।

विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद अज्ञात व्यक्ति ने उससे संपर्क कर ऑनलाइन कार्य दिलाने के नाम पर उसकी आईडी और हस्ताक्षर प्राप्त कर लिए। इसके बाद सोशल मीडिया पर रील लाइक और शेयर करने के कार्य के बहाने उससे संपर्क बनाए रखा गया तथा विभिन्न टास्क पूरे करने के नाम पर उसकी फोटो और वीडियो हासिल कर लिए गए। बाद में इन्हीं फोटो-वीडियो का दुरुपयोग कर पीडि़ता को ब्लैकमेल किया जाने लगा और न्यूड वीडियो कॉल करवाने के लिए दबाव बनाया गया।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपिताें ने उससे पैसे भी वसूले। पुलिस जांच में सामने आया कि 11 दिसंबर 2025 को आरोपित जोधपुर आया था और होटल में पीडि़ता से मिलकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद भी ब्लैकमेलिंग और पैसों की मांग जारी रही।

जांच के दौरान आरोपिताें के मोबाइल फोन से करीब 30 युवतियों के न्यूड वीडियो और चैटिंग बरामद हुई। इसके अलावा 200 से अधिक युवतियों के वर्क फ्रॉम होम प्रोफाइल, मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी तथा अन्य विवरण भी मिले हैं। पुलिस का मानना है कि गिरोह राजस्थान सहित देश के कई राज्यों की युवतियों को निशाना बना रहा था। महिला थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपिताें की लोकेशन मुंबई में चिन्हित की। पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर कई दिनों तक निगरानी की और पहचान सुनिश्चित होने के बाद योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश