गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का भंडाफोड़, मुकदमा दर्ज
एजेंसी संचालक व मैनेजर समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। खाद्य एवं पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम द्वारा निरीक्षण के दौरान स्टॉक में भारी गड़बड़ी मिलने पर ग्रामीण वितरक एजेंसी के संचालक और मैनेजर के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सोमवार को मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी मनोज कुमार सिंह, पूर्ति निरीक्षक मुख्यालय कमल सिंह और पूर्ति निरीक्षक सुमेरपुर अभय उपाध्याय की संयुक्त टीम ने विवेक इंडेन ग्रामीण वितरक, सुरौली बुजुर्ग (सुमेरपुर) के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद मैनेजर रामनरेश द्वारा ऑनलाइन स्टॉक प्रस्तुत किया गया, लेकिन भौतिक सत्यापन में सिलेंडरों की संख्या में बड़ी गड़बड़ी सामने आई। जांच में पाया गया कि 14.2 किलोग्राम घरेलू सिलेंडरों में 111 भरे हुए सिलेंडर कम तथा 49 खाली सिलेंडर अधिक मिले। इसी प्रकार 19 किलोग्राम के कमर्शियल सिलेंडरों में 93 भरे हुए कम और 7 खाली अधिक पाए गए। इसके अलावा 5 किलोग्राम के घरेलू सिलेंडरों में 73 भरे कम और 68 खाली अधिक तथा छोटे कमर्शियल सिलेंडरों में 13 भरे कम पाए गए। 10 किलोग्राम एक्स्ट्रा लाइट सिलेंडरों में भी 5 भरे कम और 4 खाली अधिक पाए गए।
जांच अधिकारियों के अनुसार यह स्थिति गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की ओर संकेत करती है। इसे द्रवित पेट्रोलियम गैस (आपूर्ति एवं वितरण का विनियमन) आदेश का उल्लंघन माना गया है, जो उत्तर प्रदेश आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। इस मामले में विवेक इंडेन ग्रामीण वितरक, सुरौली बुजुर्ग के संचालक रामफूल निषाद और एजेंसी के मैनेजर रामनरेश के खिलाफ थाना सुमेरपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला पूर्ति अधिकारी ब्रजेश कुमार शुक्ला ने सोमवार को बताया कि गैस किल्लत के बीच की जा रही इस कालाबाजारी को लेकर बसपा के पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी रामफूल निषाद के भाई पत्योरा गांव निवासी कुलदीप निषाद, प्रदीप निषाद व दिव्या स्वीट्स हाउस के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

