home page

मंदसौरः पुलिस की दबिश में भाजपा युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष जुआ खेलते गिरफ्तार

 | 
मंदसौरः पुलिस की दबिश में भाजपा युवा मोर्चा मंडल उपाध्यक्ष जुआ खेलते गिरफ्तार


मंदसौर, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में गुरुवार की रात जुआ खेलते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें भाजपा युवा मोर्चा का एक मंडल उपाध्यक्ष भी शामिल है। बूढ़ा पुलिस चौकी ने यह कार्रवाई नारायणगढ़ थाना क्षेत्र में की, जहां मौके से नकदी, ताश के पत्ते, मोबाइल फोन और चार मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर बूढ़ा चौकी प्रभारी विकास गहलोत की टीम ने दबिश दी। मुखबिर की सूचना पर झारड़ा रोड स्थित सलीम की मटन दुकान के पीछे जुआ फड़ चल रही थी। यहां पांच लोग ताश के पत्तों पर पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में खड़पालिया निवासी पप्पू उर्फ बापूलाल सोलंकी शामिल हैं, जो भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं। अन्य आरोपियों की पहचान जसवंत सिंह सोंधिया (बांसखेड़ी), मनोहर सिंह सोंधिया (गर्रावद), विक्रम सिंह सोंधिया (बांसखेड़ी) और सलीम (बूढ़ा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11,800 रुपए नकद, 52 ताश के पत्ते, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत 25 हजार रुपए) और चार बाइकें (अनुमानित कीमत 1.20 लाख रुपए) जब्त की हैं।

चौकी प्रभारी विकास गहलोत ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई की। सभी आरोपियों के खिलाफ नारायणगढ़ थाने में केस दर्ज कर मध्यप्रदेश जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया