रंगदारी और मारपीट के आरोप में युवा भाजपा नेता गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 20 जुलाई (हि. स.)। एक व्यवसायी से मारपीट और कथित जबरन वसूली के मामले में डाबग्राम-फूलबाड़ी के वार्ड नंबर पांच के युवा भाजपा अध्यक्ष टोटन दास को भक्तिनगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उन्हें रविवार देर शाम थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और जल्दबाजी में यह कार्रवाई की गई। सोमवार को आरोपित को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया गया।
पिछले सप्ताह गुरुवार को प्रवीण मुंद्रा नामक एक व्यवसायी ने भक्तिनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर पांच के अध्यक्ष हिरमल शाह, युवा अध्यक्ष टोटन दास और कुछ अन्य नेताओं ने ज्योतिनगर में उनके निर्माणाधीन प्रोजेक्ट का काम पूरा होने तक हर महीने दस लाख रुपये की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर उनके साथ मारपीट की गई। व्यवसायी का दावा है कि इस हमले के कारण उनकी 40 प्रतिशत सुनने की क्षमता चली गई।
पहली शिकायत के बाद मामला और गंभीर हो गया। शुक्रवार को प्रवीण मुंद्रा की पत्नी ने भी थाने में शिकायत दर्ज कराई कि पहली शिकायत के बाद आरोपितों ने उनके निर्माण कार्य को बंद करवा दिया। वहीं, दूसरी ओर आरोपितों ने भी व्यवसायी के खिलाफ उत्पीड़न का आरोप लगाया।
मामले की जानकारी सीधे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी तक पहुंची। बागडोगरा पहुंचने के बाद उन्होंने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताई और पुलिस आयुक्त को जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश के 48 घंटे के भीतर पुलिस ने टोटन दास को गिरफ्तार कर लिया।
भक्तिनगर थाना पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित का बयान दर्ज कर उसकी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

