home page

चोरी के सोने की खरीद-बिक्री के आरोप में भाजपा युवा नेता गिरफ्तार, पार्टी के सभी पदों से हटाए गए

 | 
चोरी के सोने की खरीद-बिक्री के आरोप में भाजपा युवा नेता गिरफ्तार, पार्टी के सभी पदों से हटाए गए


सिलीगुड़ी, 21 नवंबर (हि.स.)। चोरी के सोने की खरीद-बिक्री के मामले में भाजपा के एक युवा नेता की गिरफ्तारी से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। सिलीगुड़ी में चोरी का सोना गलाकर उसे बेचने में मदद करने के आरोप में भाजपा युवा मोर्चा के नेता नयन सरकार को न्यू जलपाईगुड़ी एनजेपी थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। शनिवार को आरोपित को जलपाईगुड़ी जिला अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने मामले की आगे की जांच के लिए हिरासत में लिया है।

जानकारी के अनुसार, नयन सरकार भाजपा युवा मोर्चा के डाबग्राम-फुलबाड़ी नंबर तीन मंडल के सचिव थे। उन पर चोरी के सोने की बिक्री में बिचौलिए की भूमिका निभाने और उसे गलाकर बेचने में मदद करने का आरोप है। पुलिस इस मामले में पहले भी कई लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच के दौरान आरोपितों से पूछताछ में नयन सरकार का नाम सामने आया था। जिसके बाद शुक्रवार शाम आरोपित नेता को हिरासत में लिया गया। लंबे पूछताछ के बाद उन्हें देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।

इस घटना के सामने आने के बाद भाजपा ने नयन सरकार को संगठन की सभी जिम्मेदारियों से हटा दिया है। भाजपा युवा मोर्चा के सिलीगुड़ी सांगठनिक जिला अध्यक्ष सौरभ सरकार ने कहा कि उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं है कि पुलिस ने संगठन के नेता को किस कारण गिरफ्तार किया है। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि यदि कोई नेता गलत काम में शामिल है तो संगठन उसका समर्थन नहीं करेगा। कानून अपना काम कर ही है।

इस गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पहले ही घोषणा की थी कि पार्टी का कोई भी सदस्य, नेता, विधायक या मंत्री यदि गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसी बीच नयन सरकार को पदों से हटाए जाने को पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार