भाजपा प्रदेश मंत्री रमेश यादव को बंधक बनाकर 50 लाख की लूट
कानपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर जिले में सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र में साेमवार देर रात नकाबपोश बदमाशों ने भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव को उनके फार्म हाउस में बंधक बनाकर करीब 50 लाख की लूट की घटना को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले उनके हाथ-पैर बांधे फिर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी है।
रमेश यादव ने बताया कि वह भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री बनाए गए थे। सोमवार को वह लखनऊ में पदभार ग्रहण करने के बाद देर रात करीब कानपुर पहुंचे थे। वह अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित फार्म हाउस में अकेले रुके थे। यहां चार सुरक्षा गार्ड भी तैनात थे। इसके बावजूद बदमाश फार्म हाउस में दाखिल हो गए और उनके हाथ-पैर बांधने के बाद लूटपाट कर बदमाश भाग निकले। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
वारदात की जानकारी मिलते ही ज्वाइंंट पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा और डीसीपी दक्षिण दीपेंद्रनाथ चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फार्म हाउस का निरीक्षण कर कई साक्ष्य जुटाए और आसपास के इलाकों में बदमाशों की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज की जांच में फार्म हाउस के अंदर दाखिल होते बदमाश नजर नहीं आए, लेकिन भागते समय दो संदिग्ध कैमरे में कैद हुए हैं। फुटेज में दोनों काले कपड़े पहने दिखाई दे रहे हैं। वे टीन शेड के ऊपर चढ़े और वहां से कूदकर फरार हो गए। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
रमेश यादव क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहे हैं और दो बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उनकी पत्नी शशि यादव भी ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। रमेश यादव ने वर्ष 2022 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। फिलहाल लगाने का प्रयास कर रही है कि इस घटना में कितनी नकदी और कितना समान लूटा गया है। बदमाशों की पहचान करने और लूटे गए माल का पता लगाने में जुटी है। पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

