जबलपुर में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष पर चाकू से जानलेवा हमला, दोनों जांघों में लगे वार
जबलपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में गोहलपुर थाना क्षेत्र में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मंगन सिद्दीकी पर रविवार शाम तीन युवकों द्वारा चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों जांघों पर चोट लगने से मंगन गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल विक्टोरिया में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
अस्पताल में बातचीत के दौरान मंगन सिद्दीकी ने बताया कि वे तालिबह शाह चौक स्थित रिपब्लिक स्कूल के सामने अपने चाचा की सानिया ज्वेलर्स दुकान के पास खड़े होकर फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान वसीम डांगर का बेटा अरमान, अजमेरी का एक युवक और डांगर की बहन का बेटा पीछे से पहुंचे। मंगन के मुताबिक, आरोपियों ने उनके पेट पर चाकू से वार करने की कोशिश की। बचाव के दौरान चाकू उनके दोनों जांघों में लगा, जिससे वे घायल होकर गिर पड़े।
मंगन सिद्दीकी ने आरोप लगाया कि वे क्षेत्र में नशे के इंजेक्शन और नशाखोरी के खिलाफ लगातार अभियान चला रहे हैं। इसी को लेकर उनकी कुछ लोगों से पुरानी रंजिश है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वसीम डांगर ने उन पर चाकू से हमला किया था, जिसमें उनकी गर्दन पर वार किया गया था। मंगन के अनुसार, उस मामले में वसीम डांगर को सात साल की सजा हुई है और वह फिलहाल जेल में बंद है।
घायल मंगन ने आगे आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते अरमान उन्हें फोन पर हत्या की धमकियां दे रहा था। इस संबंध में हनुमानताल थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। मंगन का आरोप है कि इसी दुश्मनी के चलते अरमान ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला किया।
घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। मामले में आरोपों की पुलिस जांच और कार्रवाई से संबंधित आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

