home page

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का इस्तेमाल कर पार्टी विधायक से 10 हजार की साइबर ठगी

 | 
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम का इस्तेमाल कर पार्टी विधायक से 10 हजार की साइबर ठगी


रायपुर, 26 मई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के रायपुर उत्तर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के साथ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नाम का इस्तेमाल कर 10 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई है।

साइबर ठगों ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारी नितिन नवीन के फर्जी पीए और ड्राइवर बनकर विधायक को अपने जाल में फंसाया और उनसे 10 हजार रूपये ऐंठ लिए। आरोपित ने खुद को नितिन नवीन का निजी सहायक बताते हुए विधायक से पैसों की मांग की और 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। मामले में खम्हारडीह थाना पुलिस ने आज एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रायपुर पुलिस की साइबर सेल और स्थानीय पुलिस टीम ठगों के मोबाइल नंबर, लोकेशन और बैंक अकाउंट डिटेल्स को खंगालकर आरोपितों की तलाश में जुट गई है।

खम्हारडीह थाना पुलिस के अनुसार आरोपित ने विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन किया और खुद को भाजपा नेता नितिन नवीन का पीए बताया। विधायक पुरंदर मिश्रा मूल रूप से ओडिशा से ताल्लुक रखते हैं, शातिर ठग ने विश्वास जीतने के लिए उनसे उड़िया भाषा में बात की। ठग ने झांसा दिया कि गाड़ी में डीजल डलवाने के लिए तत्काल पैसों की जरूरत है। झांसे में आकर विधायक के करीबी सेवक नारायण मिश्रा ने दो बार में कुल 10 हजार रुपये की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर कर दी । बताया जा रहा है कि पहले 4500 रुपये और फिर 5500 रुपये खाते में डलवाए गए। विधायक पुरंदर मिश्रा ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को पैसे भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सेवक ने बताए गए बैंक खाते में कुल 10 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए।

कुछ समय बाद आरोपित ने दोबारा पैसों की मांग की। लगातार रकम मांगने और बातचीत में संदिग्धता महसूस होने पर मामले की जांच की गई। पैसे ट्रांसफर होने के बाद जब इस संबंध में क्रॉस-वेरिफिकेशन (पुष्टि) की गई, तब पता चला कि नितिन नवीन के स्टाफ की ओर से ऐसा कोई फोन नहीं किया गया था। जांच में पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति फर्जी तरीके से खुद को भाजपा नेता का निजी सहायक बताकर ठगी कर रहा था। इसके बाद नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाने में अज्ञात आरोपित के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा