home page

भागलपुर में सनसनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या

 | 
भागलपुर में सनसनी, भाजपा मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती की गोली मारकर हत्या


भागलपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। जिले में बबरगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और ईश्वर नगर मंडल अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती (50 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी है।

अपराधियों ने उनके सिर के पास बेहद करीब से गोली दागी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात की खबर मिलते ही पूरे प्रशासनिक अमले और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस ने आनन-फानन में भाजपा नेता के शव को अपने कब्जे में लेकर जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें आधिकारिक रूप से मृत घोषित कर दिया।

पार्टी कार्यकर्ताओं के अनुसार, उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती भारतीय जनता पार्टी के बेहद पुराने, निष्ठावान और सक्रिय कार्यकर्ताओं में गिने जाते थे। वे पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के समय से ही लगातार भाजपा के लिए धरातल पर मजबूत कार्य कर रहे थे।

वर्तमान में वे मंडल अध्यक्ष के रूप में पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुटे थे। बताया जा रहा है कि बीते गुरुवार को ही ईश्वर नगर मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था।

उधर घटना की सूचना मिलते ही भागलपुर के भाजपा विधायक रोहित पांडे पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ तुरंत मायागंज अस्पताल पहुंचे। विधायक ने इस जघन्य हत्याकांड पर गहरा शोक व्यक्त किया और इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा की।

उन्होंने पुलिस के आला अधिकारियों से बात कर अपराधियों की अविलंब गिरफ्तारी और मामले की त्वरित जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।

अस्पताल परिसर में इस वक्त भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। प्रारंभिक सूचनाओं और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, इस पूरे हत्याकांड में कुछ स्थानीय लोगों के नाम प्राथमिक स्तर पर सामने आ रहे हैं। कुछ सूत्रों का कहना है कि अपराधियों ने घर में घुसकर इस वारदात को अंजाम दिया, जबकि कुछ अन्य चर्चाओं में गणेश पूजा के आयोजन के लिए चंदा एकत्र करने के दौरान उपजे विवाद की बात भी कही जा रही है।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहराई से तफ्तीश कर रही है। बबरगंज थाना पुलिस का कहना है कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए इलाके में छापेमारी शुरू कर दी गई है और जल्द ही मामले का पूरी तरह खुलासा कर दिया जाएगा। इस घटना के बाद से पूरे कुतुबगंज और आसपास के इलाकों में भारी तनाव और दहशत का माहौल व्याप्त है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर