भाजपा नेता उमा भूषण तांती हत्याकांड में मुख्य आरोपी की पत्नी दीपिका कुमारी गिरफ्तार
भागलपुर, 14 सितंबर (हि.स.)।
भारतीय जनता पार्टी के श्रीनारायण साह मंडल के अध्यक्ष उमा भूषण तांती उर्फ पप्पू तांती की दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम को पहली बड़ी कामयाबी हाथ लगी है।
एसआईटी में शामिल महिला पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने हत्याकांड की साजिश रचने के आरोप में वार्ड संख्या 51 की वर्तमान पार्षद दीपिका कुमारी को कुतूबगंज से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार दीपिका कुमारी इस हत्याकांड के मुख्य नामजद आरोपी, पूर्व पार्षद सह पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष शशि मोदी की पत्नी हैं।
पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। एसआईटी से जुड़े एक वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी सेल और वैज्ञानिक अनुसंधान के दौरान यह बात प्रमाणित हुई है कि भाजपा नेता की हत्या की इस सनसनीखेज वारदात की साजिश रचने में दीपिका कुमारी भी बराबर की भागीदार थीं।
पुलिस इस मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

