भाजपा नेता पर हमला, सुबह तक थाने के बाहर धरने पर बैठे रहे समर्थक
जोधपुर, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में पंचायत चुनाव के पहले चरण के मतदान के पहले भाजपा नेता पर हमला करने का मामला सामने आया है। मंगलवार रात को बोरानाडा थाना अंतर्गत मोतीबा नगर पंचायत में एक गुट ने दूसरे को धमकी दी और हमला कर दिया। इसके बाद हमलावर भाग गए। घटना के बाद भाजपा नेता सहित कार्यकर्ताओं ने बोरानाडा थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। बुधवार तडक़े तक धरना चलता रहा। एसीपी हिमांशु शर्मा ने बताया कि हमले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी चिन्हित कर उनकी तलाश की जा रही है। समझाइश के बाद धरना समाप्त हो गया है।
भाजपा नेता वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि रावताराम बिन्जारिया पूर्व में पंचायत समिति का सदस्य रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वो और उसके समर्थक लोगों को लगातार किसी और को वोट न करने की धमकी दे रहे थे। मोतीबा नगर में बीजेपी समर्थित सरपंच प्रत्याशी गुमानाराम देवासी सहित अन्य कार्यकर्ता इसकी लगातार शिकायत भी कर रहे थे। इसी क्रम में दशहरा के अवसर पर वे मीटिंग करने आए थे। आरोप है कि मीटिंग के बाद जब वापस निकले तो उनके पीछे पांच से सात पिकअप में हथियारों के साथ बिन्जारिया के समर्थक थे, जिन्होंने उन पर हमला बोला। पीछे से उनकी गाड़ी को टक्कर भी मारी थी।
बचने के लिए थाने आए, तो पीछा किया
वीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बदमाशों से बचने के लिए उन्होंने अपने गाड़ी घुमाई और बोरानाडा थाना की तरफ आए। तब थाने तक बदमाशों ने पीछा किया। जब वे थाने में घुस गए तो बदमाश वहां से निकल गए। इसके बाद थाने में भाजपा समर्थक पहुंच गए और पुलिस से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए थाने का घेराव किया और धरना दिया। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि बिन्जारियां के परिवार का कोई व्यक्ति पुलिस में है, जिसके चलके बदमाशों पर कार्रवाई नहीं की जा रही है।
एफआईआर के बाद धरना खत्म हुआ
घटना की जानकारी मिलने पर बोरानाडा एसीपी हिमांशु शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने भाजपा नेता से वार्ता की और उनकी रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज किया। आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। इसके बाद भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ। वीरेंद्र प्रताप सिंह पाल ने विपक्षी उम्मीदवार सरपंच प्रत्याशी रावताराम बिजारिया के परिवार के लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने थाने में रावताराम के भतीजे शेरसिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

