रंगदारी मांगने के आरोप में भाजपा नेता गिरफ्तार
सिलीगुड़ी, 13 सितंबर (हि. स.)। रंगदारी मांगने के आरोप में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान जिला कमेटी के सदस्य निरंजन विश्वास के रूप में हुई है। आरोपित को रविवार को सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश किया जायेगा।
आरोप है कि शुक्रवार देर रात फांसीदेवा के आमबाड़ी इलाके में स्थित एक निजी कोयला कंपनी में निरंजन विश्वास कथित तौर पर जबरन घुस गए। इस दौरान उन्होंने कंपनी के एक कर्मचारी के साथ मारपीट और गाली-गलौज की। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर कंपनी बंद कराने की धमकी भी दी गई और बाद में रंगदारी की मांग की गई।
घटना के बाद पीड़ित राजा कुमार जायसवाल ने फांसीदेवा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित भाजपा नेता को शनिवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। इस बीच, घटना से संबंधित कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और चर्चा में आ गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार

