home page

भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार पर फायरिंग

 | 
भाजपा के पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार पर फायरिंग


फर्रुखाबाद, 04 अक्टूबर (हि .स.)।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक एवं कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष कुलदीप गंगवार और उनके पुत्र अभय गंगवार के सामने एक युवक ने कथित रूप से तीन राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग में पूर्व विधायक और उनका पुत्र बाल-बाल बच गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।

पूर्व विधायक कुलदीप गंगवार ने बताया कि आवास विकास स्थित होटल के सामने कुछ युवक आपस में विवाद कर रहे थे। उनके पुत्र अभय गंगवार ने युवकों को विवाद करने से रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान विवाद कर रहे युवकों में से एक ने फायरिंग कर दी।

उन्होंने बताया कि घटना के कुछ देर बाद वह स्वयं मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उनके पहुंचने के बाद भी युवक ने दो राउंड फायर किए। लगातार हुई फायरिंग से वहां अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गोली किसी को नहीं लगी और पिता-पुत्र बाल-बाल बच गए।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कादरी गेट कपिल चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि फायरिंग का आरोपी युवक भी भाजपा नेता का पुत्र है। पूर्व में भी उसका एक दंपती पर फायरिंग के मामले में नाम चर्चा में आया था। हालांकि उस मामले में राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई आगे नहीं बढ़ने की बात कही जा रही है।

थानाध्यक्ष कपिल चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपित युवक के खिलाफ पूर्व में फायरिंग करने के मामले में न्यायालय में चार्जशीट जा चुकी है। वर्तमान मामले की भी सीसीटीवी के माध्यम से जाँच की जा रही है। फिलहाल तहरीर नही मिली है |

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर