home page

जबलपुर : भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पर चाकू से हमला, ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन

 | 
जबलपुर : भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष पर चाकू से हमला, ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन


जबलपुर, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में बरेला थाना क्षेत्र के ग्राम बम्हनी में भाजपा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रवेश पटेल पर हुए हमले के विरोध में ग्रामीणों में आक्रोश है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शनिवार को ग्रामीणों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर बरेला थाने का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा और चक्काजाम किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, बम्हनी तिराहे पर प्रदीप साहू और उनके परिजन पिंकी साहू, संध्या साहू व जगदीश साहू पर हमला किया गया था। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष प्रवेश पटेल पर भी चाकुओं से हमला किया गया। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

हमले में जनपद सदस्य रामेश्वर साहू, उसके तीन भाइयों प्रहलाद साहू, लखन साहू, दिनेश साहू और अन्य साथियों की संलिप्तता का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

मूर्ति स्थापना और चंदे को लेकर विवाद

ग्रामीणों के मुताबिक, घटना की मुख्य वजह दुर्गा प्रतिमा की स्थापना, चंदा संग्रह और समिति को लेकर चल रहा विवाद है। गांव में पिछले करीब 50 वर्षों से स्थानीय लोग माता रानी की प्रतिमा स्थापित करते आ रहे हैं। वहीं, पिछले चार-पांच वर्षों से रामेश्वर साहू द्वारा 51 फीट ऊंची मां काली की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। इस वर्ष प्रवेश पटेल और ग्रामीणों ने पास में ही दुर्गा प्रतिमा स्थापित की थी। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी चल रही थी।

घटना से नाराज ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक