home page

दतियाः सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर दिनदहाड़े भाजपा पार्षद की गोली मारकर हत्या

 | 
दतियाः सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर दिनदहाड़े भाजपा पार्षद की गोली मारकर हत्या


दतिया, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। सेवढ़ा चुंगी चौराहे पर वार्ड क्रमांक 01 के भाजपा के पार्षद कल्लू कुशवाहा की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कल्लू कुशवाहा रोजाना की तरह सुबह चौराहे पर मौजूद थे। तभी अचानक हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वे मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि मृतक कल्लू कुशवाहा पर पहले भी हत्या का मामला दर्ज था और उन्हें आजीवन कारावास की सजा हुई थी। वे करीब चार महीने पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे। ऐसे में पुलिस पुराने विवादों और आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश तेज कर दी है। शहर के बीचों-बीच दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/उपेंद्र

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा