भाजपा कार्यकर्ता को गोली मारने के मामले में एक गिरफ्तार, घटना का पुननिर्माण
उत्तर 24 परगना, 07 मई (हि. स.)। जिले के बशीरहाट थाना क्षेत्र के गोदाउन पाड़ा इलाके में भाजपा कार्यकर्ता रोहित राय को गोली मारने की घटना में पुलिस ने एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान जाहीनुर गाजी के रूप में हुई है। गुरुवार को पुलिस उसे लेकर घटनास्थल पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम का पुनर्निर्माण कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार रात गोदाउन पाड़ा इलाके में भाजपा कार्यकर्ता रोहित राय पर अचानक गोली चलाई गई थी। गोली लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल रोहित राय को पहले बशीरहाट जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें कोलकाता के आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल वहीं उनका इलाज चल रहा है।
बशीरहाट थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और इलाके में लगातार छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस ने गोदाउन पाड़ा क्षेत्र से जाहीनुर गाजी नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। गुरुवार को जांच के सिलसिले में पुलिस आरोपित को लेकर घटनास्थल पर पहुंची, जहां घटना के समय की परिस्थितियों को समझने और जांच को आगे बढ़ाने के लिए घटना का पुननिर्माण किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गोलीबारी के पीछे व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक विवाद या कोई अन्य कारण था। घटना से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा

