home page

भोजपुर निवासी बिट्टू ने दी थी चौकीदार नन्हीं के हत्या की सुपारी

 | 
भोजपुर निवासी बिट्टू ने दी थी चौकीदार नन्हीं के हत्या की सुपारी


मुरादाबाद, 25 फरवरी (हि.स.)। मुरादाबाद महानगर के थाना मझोला क्षेत्र में दो दिन पहले सोमवार रात्रि महिला चौकीदार नन्हीं की हत्या की सुपारी भोजपुर निवासी बिट्टू ने दी थी। सुपारी लेने के बाद उसने चार अन्य लोगों को साथ लेकर वारदात को अंजाम दिया था। इसका खुलासा मामले में अब तक गिरफ्तार मोहम्मद शानिब सैफी, इमरान और शानिब ने पूछताछ में किया।

पुलिस अधीक्षक नगर के अनुसार पकड़े गए आरोपितों ने बताया कि वह सभी तीन दिन से दिल्ली रोड मझोला स्थित प्लाट के आसपास घूमकर रेकी कर रहे थे। उनकी योजना थी कि नन्ही जब प्लाट से बाहर आएगी तब उसकी हत्या कर देंगे। रेकी के दौरान पता चला कि नन्ही प्लाट से बाहर निकलती ही नहीं है। इस मामले में फरार बिट्टू और इरफान की गिरफ्तारी के बाद ही सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

कुन्दरकी थाना क्षेत्र के गांव ऊंचाकानी निवासी नन्ही (55) पत्नी दिवंगत अब्दुल बीते 12-15 साल से मझोला थाना क्षेत्र के नया मुरादाबाद सेक्टर 16बी दिल्ली रोड स्थित समृद्धि विहार में स्थित प्लाट की चौकीदारी कर रही थी। यह प्लाट सिविल लाइंस के जिगर कालोनी में रहने वाले मैनाठेर के ताहरपुर निवासी पेट्रोल पंप संचालक अरकान का है। सोमवार रात करीब आठ बजे दो युवक प्लाट पर पहुंचे थे और गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या कर भाग रहे एक बदमाश को नन्हीं के बेटे महबूब ने पकड़ कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया था। जबकि पुलिस ने बाद में दो और युवक मोहम्मद शानिब व शानिब व इमरान को हिरासत में ले लिया।

पुलिस जानकारी के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्त में आए तीनों आरोपितों ने बताया कि उन्हें भोजपुर कस्बे का रहने वाला बिट्टू साथ लेकर गया था। बिट्टू ने ही इरफान नाम के व्यक्ति से पांच लाख रुपये में हत्या की सुपारी ली थी। पकड़े गए बदमाशों ने पुलिस को यह भी बताया कि इरफान और नन्ही के बीच कुछ विवाद चल रहा था। इरफान को डर था कि नन्ही उसे फंसा कर जेल भिजवा देगी। इसीलिए उसने सुपारी देकर नन्ही की हत्या कराई है।

वहीं पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने आज बताया कि कुछ नए तथ्य भी सामने आए हैं, जिससे हत्या का मामला और उलझ गया है। मामले में फरार सुपारी लेने वाले मुख्य आरोपित बिट्टू और इरफान की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल