home page

वीरपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1560 बोतल नेपाली शराब के साथ वाहन जब्त

 | 
वीरपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1560 बोतल नेपाली शराब के साथ वाहन जब्त


वीरपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1560 बोतल नेपाली शराब के साथ वाहन जब्त


सुपौल, 13 अप्रैल (हि.स.)। जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में नशा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर वीरपुर थाना पुलिस ने ग्राम बनेलीपट्टी में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि बनेलीपट्टी गांव में नेपाल निर्मित शराब की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है और उसे अन्य स्थानों पर भेजने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही वीरपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने नेपाल निर्मित कुल 52 कार्टून शराब बरामद किया। प्रत्येक कार्टून में 30 बोतल शराब रखी हुई थी। इस प्रकार कुल 1560 बोतल नेपाली शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा लगभग 468 लीटर बताई जा रही है। इसके साथ ही शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे एक महिंद्रा वाहन और दो पल्सर मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस द्वारा जब्त वाहनों और बरामद शराब को थाना लाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिले में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अवैध शराब के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले में शामिल तस्करों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र