वीरपुर पुलिस ने 570 बोतल नेपाली शराब के साथ बाइक जब्त की
सुपौल, 27 नवंबर (हि.स.)। वीरपुर पुलिस ने गश्ती के दौरान वीरपुर-बसमतिया मुख्य सड़क पर बादशाह चौक के पास पुलिया के निकट कार्रवाई करते हुए 570 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद की। पुलिस ने शराब लदी एक बाइक भी जब्त की है। पुलिस को देखते ही बाइक सवार शराब छोड़कर मौके से फरार हो गया।
वीरपुर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर संजय दास ने बताया कि पुलिस टीम रात में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि नेपाल की ओर से शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस ने संबंधित रास्ते पर निगरानी बढ़ा दी। कुछ देर बाद एक बाइक की रोशनी दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवार को पास आने पर रुकने का इशारा किया, लेकिन वह शराब फेंककर फरार हो गया।
पुलिस ने मौके से 570 बोतल नेपाली देसी शराब और बाइक जब्त कर ली। जब्त बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 38/1204 बताया गया है। शराब और बाइक को थाने लाकर जब्ती सूची तैयार की गई है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार तस्कर की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है। अभियान में सब-इंस्पेक्टर कुमार विनोदानंद सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

