वीरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.95 किलो गांजा बरामद; एक तस्कर गिरफ्तार
सुपौल, 01 जून (हि.स.)। जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने लगभग दो किलो गांजा बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि कार्रवाई के दौरान उसका एक सहयोगी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
वीरपुर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बलभद्रपुर पंचायत के बेरिया कमाल वार्ड संख्या-01 में गांजा का अवैध भंडारण कर उसकी बिक्री की जा रही है।
सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान एक घर की तलाशी ली गई, जहां से 1 किलो 950 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से मो. रकीब नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका एक सहयोगी पुलिस टीम को देखकर भाग निकला। पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त कर लिया है और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे धंधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध नशा कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

