वीरपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, पति सहित ससुराल पक्ष फरार
सुपौल, 28 अप्रैल (हि.स.)। जिले के वीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत हृदयनगर वार्ड संख्या 03 में मंगलवार को 30 वर्षीय विवाहिता बुच्ची देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
घटना के बाद मृतका का पति समेत ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हो गए हैं, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
सूचना पर वीरपुर थानाध्यक्ष राजकिशोर मंडल और एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल सदर अस्पताल भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं।
मृतका के भाई ललन कुमार कुशियेत ने इसे हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, बहन की शादी वर्ष 2021 में हृदयनगर निवासी सुजीत कुमार खरगा से हुई थी, लेकिन वैवाहिक जीवन शुरू से ही तनावपूर्ण रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि सुजीत का अपनी ही भाभी के साथ पहले से अवैध संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच लगातार विवाद होता था। इस विवाद को सुलझाने के लिए कई बार पंचायत भी बुलाई गई, मगर स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना मिलने पर जब वे ससुराल पहुंचे तो बुच्ची देवी का शव घर के अंदर बेड पर पड़ा मिला। उन्होंने गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। साथ ही यह भी दावा किया गया कि घटना के तुरंत बाद आरोपी पति अपनी भाभी के साथ फरार हो गया, जबकि घर के अन्य सदस्य भी मौके से गायब हो गए। मृतका का मायका छातापुर प्रखंड के लालगंज तिलाठी वार्ड 15 में है, जहां घटना की खबर मिलते ही कोहराम मच गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने भी बताया कि आरोपी के कथित संबंध को लेकर पहले कई बार परिवार में विवाद हो चुका था और हाल ही में पंचायत में समझौते की बात भी हुई थी। बावजूद इसके, अब इस तरह की घटना सामने आने से लोग स्तब्ध हैं।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम ने साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
फिलहाल, एक ओर जहां परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं, वहीं पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

