बीरपुर में 48 लीटर नेपाली शराब के साथ बाइक सवार गिरफ्तार
सुपौल, 02 नवंबर (हि.स.)। बीरपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने दिवा गश्ती के दौरान शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 48 लीटर नेपाली शराब के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है।
एक नवंबर को दिवा गश्ती के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। इसी क्रम में एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल से नेपाल निर्मित उमंग ब्रांड की 160 बोतल शराब बरामद हुई। प्रत्येक बोतल 300 एमएल की थी। इस तरह कुल 48 लीटर नेपाली शराब जब्त की गई।
मौके से गिरफ्तार युवक की पहचान अररिया जिले के बसमतिया थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-08 निवासी अमित कुमार (19), पिता रामचंद्र मेहता के रूप में हुई है। पुलिस ने शराब के साथ मोटरसाइकिल को भी विधिवत जब्त कर लिया।
इस मामले में बीरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

