वीरपुर में ब्राउन शुगर कारोबार का खुलासा, महिला समेत तीन गिरफ्तार
सुपौल, 25 मई (हि.स.)। वीरपुर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बसंतपुर वार्ड संख्या 11 में छापेमारी कर ब्राउन शुगर कारोबार का खुलासा किया।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 20 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है। मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।वीरपुर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार ने बताया कि थाना अध्यक्ष को इलाके में नशे के कारोबार की सूचना मिली थी, जिसके बाद विशेष टीम गठित कर बेबी देवी के घर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर से ब्राउन शुगर के अलावा इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, सिल्वर पेपर और नशे की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान बरामद किए गए।
पुलिस ने मौके से 8 हजार 760 रुपये भारतीय मुद्रा और 27 हजार 570 रुपये नेपाली मुद्रा भी जब्त की है। साथ ही एक बिना नंबर की हीरो मोटरसाइकिल और BR 50J 8451 नंबर की बाइक को भी कब्जे में लिया गया।कार्रवाई के दौरान मटियारी निवासी संतोष कुमार, वीरपुर निवासी राजा सहनी और अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के अचरा निवासी चंदन पासवान को गिरफ्तार किया गया। वहीं बेबी देवी का पुत्र विनय मिश्रा मौके से फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने जब्त सामान को बसंतपुर सीओ हेमंत अंकुर की मौजूदगी में विधिवत सील किया। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में केवल स्थानीय स्तर पर ही नहीं बल्कि बड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। पुलिस अब नशे की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुट गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

